राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने नूरसर सोलर परियोजना का किया अवलोकन

 



अवाडा ग्रुप के 1246 मेगावाट सोलर प्लांट का किया अवलोकन


*राज्य में सौर एवं अक्षय ऊर्जा क्षेत्र में किए जा रहे निवेश और भावी परियोजनाओं के संबंध में की विस्तृत चर्चा*


बीकानेर, 25 मई। राज्य के मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने सोमवार को जिले के नूरसर स्थित अवाडा ग्रुप द्वारा संचालित 1246 मेगावाट क्षमता के सोलर प्लांट का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने कंपनी अधिकारियों से राजस्थान में सौर ऊर्जा एवं अक्षय ऊर्जा क्षेत्र में किए जा रहे निवेश और भावी परियोजनाओं के संबंध में विस्तृत चर्चा की।


मुख्य सचिव ने प्लांट परिसर में रोबोटिक तकनीक के माध्यम से सोलर पैनलों की सफाई व्यवस्था का भी अवलोकन किया। अवाडा कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी श्री रवि वर्मा ने मुख्य सचिव को बताया कि इस अत्याधुनिक तकनीक से पानी की बचत होने के साथ-साथ सोलर पैनलों का रख-रखाव अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित तरीके से किया जा रहा है।


श्री वर्मा ने बताया कि अवाडा समूह द्वारा ‘राइजिंग राजस्थान’ के अंतर्गत राज्य में अक्षय ऊर्जा क्षेत्र में लगभग एक लाख करोड़ रुपये के निवेश का एमओयू किया गया है। इसके तहत कंपनी बीकानेर के करणीसर क्षेत्र में सौर ऊर्जा एवं 2500 मेगावाट बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) आधारित परियोजना स्थापित कर रही है। इसके अतिरिक्त कंपनी बाड़मेर जिले में भी 300 मेगावाट क्षमता का सोलर प्लांट विकसित कर रही है।


इससे पूर्व अवाडा कंपनी की ओर से वरिष्ठ अधिकारी श्री रवि वर्मा, श्री राजेश द्विवेदी, श्री मनोज कुमार, श्री शैलेंद्र शर्मा एवं श्री ऋतुराज तिवारी ने मुख्य सचिव का स्वागत करते हुए परियोजना की विभिन्न तकनीकी एवं संचालन संबंधी जानकारियां साझा कीं।


निरीक्षण के दौरान जलदाय विभाग के प्रमुख सचिव और जिला प्रभारी सचिव श्री हेमंत गेरा, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे, एसडीएम बीकानेर सुश्री बीकानेर महिमा कसाना, वाणिज्य कर विभाग के अतिरिक्त आयुक्त श्री कांति जसोल समेत अवाडा ग्रुप के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments