देवेंद्र राज अंकुर को समर्पित राष्ट्रीय स्तर का बीकानेर थिएटर फेस्टिवल 24 फरवरी से




बीकानेर में दसवां बीकानेर थिएटर फेस्टिवल 24 फरवरी से 1 मार्च तक शहर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन अनुराग कला केंद्र द्वारा किया जा रहा है। इस वर्ष का रंगोत्सव प्रख्यात रंगकर्मी देवेंद्र राज अंकुर को समर्पित रहेगा, जो नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के निदेशक रह चुके हैं।


फेस्टिवल में देशभर से लगभग 20 नाट्य प्रस्तुतियां मंचित की जाएंगी। आयोजकों के अनुसार विभिन्न राज्यों से आने वाली नाट्य संस्थाएं सामाजिक, ऐतिहासिक और समकालीन विषयों पर आधारित नाटक प्रस्तुत करेंगी, जिससे दर्शकों को विविध रंगशैलियों का अनुभव मिलेगा।


इस संबंध में आज विन्सम स्कूल में आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजन की रूपरेखा साझा की गई। प्रेस वार्ता में सुरेश हिंदुस्तानी, विजय सिंह राठौड़, स्कूल संचालक सुरेंद्र धारणिया, विजय राठौड़ तथा अतिथि के रूप में सुधेश व्यास सहित अनेक रंगकर्मी और कला प्रेमी उपस्थित रहे।


सुरेश हिंदुस्तानी ने कहा कि अनुराग कला केंद्र द्वारा लगातार दस वर्षों से इस फेस्टिवल का आयोजन करना बीकानेर के लिए गौरव की बात है और यह आयोजन शहर में सांस्कृतिक चेतना को सशक्त बना रहा है।


विजय सिंह राठौड़ ने बताया कि इस बार का फेस्टिवल राष्ट्रीय स्तर का होगा और लगभग 20 नाटकों के माध्यम से दर्शकों को विविध विषयों से रूबरू कराया जाएगा।


सुरेंद्र धारणिया ने कहा कि शिक्षा और संस्कृति का गहरा संबंध है तथा ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में सृजनात्मकता और अभिव्यक्ति का विकास करते हैं।


सुधेश व्यास ने कहा कि बीकानेर की रंगपरंपरा समृद्ध रही है और इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के आयोजन से स्थानीय कलाकारों को मंच और पहचान मिलती है। उन्होंने युवाओं से रंगमंच से जुड़ने का आह्वान किया।


विजय राठौड़ ने आयोजन की तैयारियों की जानकारी देते हुए शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर फेस्टिवल को सफल बनाने की अपील की।


आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि दसवां बीकानेर थिएटर फेस्टिवल शहर की सांस्कृतिक पहचान को और अधिक मजबूत करेगा।


Comments