गुजरात में दर्दनाक हादसा: जैसलमेर से अहमदाबाद जा रही एसी स्लीपर बस में लगी भीषण आग, एक यात्री की मौत, 9 झुलसे
जैसलमेर। राजस्थान के जैसलमेर से अहमदाबाद जा रही एक एसी स्लीपर बस गुजरात में भीषण हादसे का शिकार हो गई। बस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 9 अन्य यात्री गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार जैसलमेर जिले के नाचना क्षेत्र से अहमदाबाद जा रही बस गुजरात के बनासकांठा जिले के धनेरा इलाके के पास शुक्रवार तड़के करीब 3:30 बजे आग की चपेट में आ गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बस की एसी वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग लगते ही बस में धुआं भर गया और कुछ ही देर में लपटें पूरी बस में फैल गईं।
हादसे में खींसर निवासी अम्बालाल (40) पुत्र सुरजाराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 यात्री झुलस गए। बस में सवार यात्रियों ने किसी तरह आपातकालीन गेट और खिड़कियों से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद आसपास के लोगों ने भी बचाव कार्य में मदद की और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस के पिछले हिस्से से पहले चिंगारी और धुआं निकलता दिखाई दिया। यात्रियों ने चालक को बस रोकने के लिए कहा, लेकिन चालक बस को आगे बढ़ाता रहा। बाद में गुजरात बॉर्डर पार करने के बाद नेनावा गांव के पास बस रोकी गई। बताया जा रहा है कि नेनावा पुलिस चौकी से करीब 600 मीटर पहले बस रुकने तक आग विकराल रूप ले चुकी थी।
यह बस जैसलमेर की स्वागत ट्रेवल्स की बताई जा रही है, जो गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे नाचना से अहमदाबाद के लिए रवाना हुई थी। बस में कुल 16 यात्री सवार थे और हादसे के समय अधिकतर यात्री सो रहे थे।
सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Comments
Post a Comment