राधामोहन दास अग्रवाल के बयान पर कांग्रेस का विरोध, कोटगेट पर फूंका पुतला


भाजपा प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल के बयान के विरोध में कोटगेट पर कांग्रेस ने फूंका पुतला

बीकानेर। राजस्थान भाजपा के प्रदेश प्रभारी श्री राधामोहन दास अग्रवाल द्वारा टोंक में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव श्री सचिन पायलट पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में शहर के हृदयस्थल कोटगेट पर कांग्रेसजनों ने उनका पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया।


इस अवसर पर कांग्रेस नेता अरुण व्यास ने कहा कि राधामोहन दास अग्रवाल की टिप्पणी उनकी ओछी मानसिकता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि सचिन पायलट सिर्फ राजस्थान ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लोकप्रिय और सर्वमान्य नेता हैं, जिनकी सभी वर्गों में समान स्वीकार्यता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए बार-बार सचिन पायलट के खिलाफ बदजुबानी की जा रही है, जिसे कांग्रेस कार्यकर्ता बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि राधामोहन दास अग्रवाल शीघ्र अपने बयान पर माफी मांगें, अन्यथा आंदोलन और प्रदर्शन लगातार जारी रहेंगे।


अरुण व्यास ने कहा कि राधामोहन दास अग्रवाल को यह बताना चाहिए कि देश के प्रधानमंत्री एवं वाराणसी से सांसद श्री नरेंद्र मोदी गुजरात के वोटर हैं या वाराणसी के। उन्होंने कहा कि शायद उन्हें अपने गृहनगर गोरखपुर के समीप स्थित बलरामपुर संसदीय क्षेत्र का इतिहास भी याद नहीं है।


उन्होंने कहा कि बलरामपुर (उत्तर प्रदेश) की जनता ने वर्ष 1957 में मध्यप्रदेश निवासी अटल बिहारी वाजपेयी और वर्ष 1977 में महाराष्ट्र निवासी नानाजी देशमुख को पहली बार लोकसभा पहुंचाया था। वाजपेयी वर्ष 1957, 1962 और 1967 में लगातार तीन चुनाव बलरामपुर से लड़े और बाद में लखनऊ से कई बार सांसद बने। उनका पूरा राजनीतिक जीवन उत्तर प्रदेश में केंद्रित रहा।


व्यास ने कहा कि राधामोहन दास अग्रवाल को अपनी ही पार्टी की टोंक संसदीय सीट का भी शायद ज्ञान नहीं है। उन्हें यह भी बताना चाहिए कि टोंक के पूर्व सांसद एवं वर्तमान लोकसभा प्रत्याशी सुखबीर सिंह जौनपुरिया टोंक या राजस्थान के नहीं, बल्कि गुरुग्राम, हरियाणा के निवासी हैं।


उन्होंने कहा कि जहां तक सचिन पायलट का सवाल है, उनके परिवार के तीन सदस्यों ने राजस्थान के विभिन्न लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव जीतकर कई बार प्रतिनिधित्व किया है। विशेष बात यह है कि सचिन पायलट पहली बार वोटर बनने से लेकर आज तक लगातार राजस्थान के मूल वोटर हैं।


उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अटल बिहारी वाजपेयी, नानाजी देशमुख, नरेंद्र मोदी और सुखबीर सिंह जौनपुरिया को भी भाजपा भगोड़ा और बहुरूपिया मानती है?


विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस नेता सलीम भाटी, गजेंद्र सिंह सांखला, नित्यानंद पारीक, ब्लॉक अध्यक्ष आनंद सिंह सोढ़ा एवं सहजाद भुट्टा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष शशिकला राठौड़, युवा कांग्रेस के सब्बीर अहमद, आजम अली, रविकांत वाल्मीकि, मैक्स नायक, ताहिर हसन कादरी, नितिन वत्सस, करणी सिंह, सोनू बारासा, यशवर्धन नायक, धनसुख जादूसंगत, मुरली किराडू, सुनील पुरोहित सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।


Comments