बीकानेर, 27 मई। एसपी मेडिकल कॉलेज में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर आयोजन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. सुरेंद्र कुमार वर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को प्राचार्य कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में योग दिवस कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं एवं विभिन्न जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
आयोजन समिति कि बैठक में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. राहुल हर्ष, सचिव डॉ. हरमीत, डॉ नवल गुप्ता, कोषाध्यक्ष डॉक्टर अनंत कुमार शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेश शर्मा, राजस्थान मेडिकल कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन बीकानेर इकाई के अध्यक्ष डॉ. विजय तुंदवाल, सचिव डॉ विनोद छिंपा, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉक्टर डी.के. अग्रवाल, हृदय रोग विभाग के आचार्य एवं विभाग अध्यक्ष डॉ. पिंटू नाहटा, फिजियोलॉजी विभाग के आचार्य एवं विभाग अध्यक्ष डॉ. बीके बिनावरा, सर्जरी विभाग के वरिष्ठ आचार्य डॉक्टर आरके काजला, रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन बीकानेर इकाई के नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ.सुखवीर तथा युजी छात्र संघ के अध्यक्ष सम्मिलित हुए.
बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष योग दिवस को और अधिक भव्य स्वरूप प्रदान करते हुए बीकानेर संभाग के चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े समस्त चिकित्सकों, रेजिडेंट डॉक्टर्स, मेडिकल विद्यार्थियों तथा पैरामेडिकल स्टाफ की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। आयोजन समिति ने योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने पर सहमति जताई।
बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. सुरेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का आधार बन चुका है। उन्होंने कहा कि जब चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े डॉक्टर स्वयं योग को अपनाकर आमजन को इसके प्रति जागरूक करेंगे तो समाज में योग के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत होगा। डॉक्टर वर्मा ने कहा कि चिकित्सकों की प्रेरणा से लोग योग को नियमित दिनचर्या में शामिल करेंगे, जिससे शारीरिक एवं मानसिक रोगों में कमी आएगी तथा स्वस्थ समाज की परिकल्पना को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने सभी चिकित्सा कर्मियों, विद्यार्थियों एवं आमजन से 21 जून को आयोजित होने वाले योग दिवस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता निभाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रातः 6 बजे मेडिकल कॉलेज परिसर में डॉ. पिंटू नाहटा, योग गुरु भुवनेश पुरोहित एवं ऋषिका व्यास के सानिध्य में उपस्थित सभी आगंतुकों को योगाभ्यास कराया जाएगा।



Comments
Post a Comment