बीकानेर। श्री श्याम मित्र मंडल के अध्यक्ष नरेंद्र खत्री की अध्यक्षता में समिति कार्यालय में कार्यकारिणी सदस्यों की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी बाबा श्री श्याम के वार्षिक भव्य कीर्तन की तिथि 26 सितंबर 2026, शनिवार तय की गई। इस अवसर पर कीर्तन का ई-पोस्टर भी लॉन्च किया गया।
समिति के सचिव विकेश बंसल ने जानकारी देते हुए बताया कि खाटू धाम से सर्वश्री मोहनदास जी महाराज एवं श्री श्याम सिंह जी महाराज कीर्तन में श्री श्याम अखाड़ा लगाएंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी मान्यता है कि जो श्रद्धालु निस्वार्थ भाव से बाबा के कीर्तन में हाजरी लगाता है, उसकी मनोकामनाएं बाबा श्री श्याम अवश्य पूर्ण करते हैं।
कोषाध्यक्ष मनोज महेश्वरी ने बताया कि कार्यक्रम में बाबा का भव्य श्रृंगार किया जाएगा। साथ ही केसर-इत्र वर्षा एवं छप्पन भोग की विशेष व्यवस्था भी रहेगी, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बनेगा।
श्री श्याम मित्र मंडल के सभी सदस्यों ने समस्त श्याम प्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बाबा के भव्य कीर्तन में अपनी हाजरी लगाएं।

Comments
Post a Comment