मजदूर दिवस पर भी नहीं मिला लाभ, 3570 आवेदन लम्बित — निर्माण मजदूर संगठन ने उठाई आवाज


बीकानेर। अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के मौके पर निर्माण श्रमिकों को योजनाओं का लाभ नहीं मिलने का मामला सामने आया है। राजस्थान निर्माण मजदूर महासंघ ने इसको लेकर राज्य सरकार को ज्ञापन भेजकर नाराजगी जताई है।


संगठन के अनुसार, श्रम विभाग बीकानेर में पिछले 8 महीनों से निर्माण श्रमिकों के योजनाओं से जुड़े आवेदन लंबित पड़े हैं, जिससे मजदूरों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। बताया गया कि विभागीय अधिकारियों और श्रम निरीक्षकों की ओर से आवेदनों को स्वीकृत नहीं किया जा रहा, जिससे करीब 3570 आवेदन अटके हुए हैं।


मजदूर दिवस 1 मई 2026 को श्रमिकों के खातों में लाभ राशि ट्रांसफर होनी थी, लेकिन आवेदनों की स्वीकृति नहीं होने के कारण मजदूरों को इसका फायदा नहीं मिल सका। इससे श्रमिकों में नाराजगी और मायूसी देखी जा रही है।


संगठन ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि श्रम विभाग की कार्यप्रणाली को दुरुस्त करने और लंबित आवेदनों को जल्द स्वीकृत करने के निर्देश दिए जाएं, ताकि श्रमिकों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके।


निर्माण श्रमिक संगठन के प्रतिनिधित्व में राजस्थान निर्माण मजदूर महासंघ से प्रदेश अध्यक्ष शबनम बानो, प्रदेश कोषाध्यक्ष नवीन आचार्य, रेवंत राम, नाजरा परवीन, अशोक कुमार कच्छावा, नूर मोहम्मद, जितेंद्र कुमार पासी, रामस्वरूप हर्ष सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।

Comments