वरिष्ठ नागरिक समिति, बीकानेर के मासिक जन्मदिवस समारोह का आयोजन समिति के सभागार में किया गया। कार्यक्रम के अंत में शहर की रेल फाटकों से जुड़ी समस्या पर विशेष चर्चा हुई। समिति के अध्यक्ष डॉ. एस.एन. हर्ष ने समस्या एवं उसके संभावित समाधानों की विस्तृत जानकारी दी।
सदस्यों का मत था कि इस समस्या का स्थायी एवं पूर्ण समाधान होना चाहिए, न कि आधा-अधूरा। उपस्थित सदस्यों ने बाईपास रेल लाइन को ही एकमात्र पूर्ण एवं सर्वमान्य समाधान बताया। उनका कहना था कि कोटगेट रेलवे क्रॉसिंग को यथावत रखते हुए मात्र चार मीटर का अंडरब्रिज बनाना तथा सांखला फाटक पर दीवार खड़ी करना समस्या का समाधान नहीं है, बल्कि इससे आमजन की परेशानियां और बढ़ सकती हैं।
चर्चा के दौरान बीकानेर व्यापार एसोसिएशन के सचिव उमेश मेहंदीरत्ता को भी अपने विचार रखने के लिए आमंत्रित किया गया। उन्होंने व्यापारियों और आम नागरिकों की समस्याओं को रखते हुए इस मुद्दे के स्थायी समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया।


Comments
Post a Comment