सोते हुए प्रशासन को जगाने के लिए कांग्रेस के हर प्रयास , हवन से मशाल जुलूस तक अभी तक नहीं हुई कोई कार्यवाही
बीकानेर। पीबीएम अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस द्वारा चलाया जा रहा “पीबीएम सुधारो जनआंदोलन” लगातार नए स्वरूप में सामने आ रहा है। आंदोलन के तहत कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कभी धरना दिया, कभी सुंदरकांड पाठ कराया, कभी हवन-यज्ञ के माध्यम से प्रशासन को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की, तो अब मशाल जुलूस निकालकर जनाक्रोश जताया है। इसके बावजूद अस्पताल प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है।
कांग्रेस का आरोप है कि पीबीएम अस्पताल में सफाई, चिकित्सा सुविधाओं, प्रबंधन और मरीजों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। आंदोलन के दौरान कांग्रेस और सेवादल कार्यकर्ताओं ने अस्पताल परिसर में सफाई अभियान चलाकर भी प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया, लेकिन हालात में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जब ज्ञापन, धरना, सुंदरकांड पाठ, हवन और सफाई अभियान जैसे शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक प्रयासों के बाद भी प्रशासन नहीं जागा तो अब मशाल जुलूस निकालकर जनता की पीड़ा को उजागर किया जा रहा है। उनका आरोप है कि मरीजों की परेशानियों पर जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं और जनभावनाओं की लगातार अनदेखी की जा रही है।


Comments
Post a Comment