महाराजा डॉ. करणीसिंह की 102वीं जयंती पर मूक-बधिर बच्चों व वृद्ध आश्रम में फल, जूस व खाद्य सामग्री का वितरण





बीकानेर। विश्वविख्यात निशानेबाज, अर्जुन अवॉर्डी व पूर्व सांसद, प्रातः स्मरणीय बीकानेर के महाराजा डॉ. करणीसिंह की 102वीं जयंती के अवसर पर उनकी ज्येष्ठ पुत्री प्रिंसेस राज्यश्री कुमारी की ओर से डॉ. करणीसिंह स्टेडियम व महारानी स्कूल के पास स्थित उनकी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि स्वरूप माल्यार्पण किया गया।


इस अवसर पर एकलव्य फाउंडेशन द्वारा बीकानेर के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतिभावान खिलाड़ियों का सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। समारोह में फाउंडेशन के अध्यक्ष दानवीरसिंह ने प्रिंसेस राज्यश्री कुमारी को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया।


अपने पिता की जयंती के अवसर पर प्रिंसेस राज्यश्री कुमारी ने राजकीय मूक-बधिर विद्यालय के बच्चों को फल एवं जूस का वितरण किया। साथ ही, स्व. महाराजा डॉ. करणीसिंह की स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने के उद्देश्य से सोफिया स्कूल के पीछे स्थित वृद्ध आश्रम में रहने वाले निराश्रितों को भोजन व खाद्य सामग्री वितरित की गई।


इस मौके पर राजकीय मूक-बधिर विद्यालय एवं वृद्ध आश्रम प्रबंधन ने प्रिंसेस राज्यश्री कुमारी का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मूक-बधिरों व निराश्रितों के प्रति उनका स्नेह व श्रद्धा भाव उनके विराट व्यक्तित्व को दर्शाता है।


Comments