*पुरुषोत्तम मास में गूंजे वैदिक मंत्र, लड्डू गोपाल का पंचामृत अभिषेक कर मांगा सुख-समृद्धि का आशीर्वाद*



बीकानेर। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर सच्चियाय ज्योतिष संस्थान के तत्वावधान में शनिवार को भोलेश्वर महादेव मंदिर (रामपुरिया हवेली के पास) में धार्मिक आयोजन का शुभारंभ किया गया। इस दौरान भगवान श्री लड्डू गोपाल जी का वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ पंचामृत अभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से पूजा-अर्चना कर परिवार, समाज और राष्ट्र की सुख-समृद्धि तथा मंगलमय जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। अभिषेक के दौरान शंखनाद और वैदिक मंत्रों की ध्वनि से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण एवं भगवान विष्णु की आराधना कर पुरुषोत्तम मास का पुण्य लाभ प्राप्त किया।
सच्चियाय ज्योतिष संस्थान के ज्योतिषाचार्य पंडित अशोक कुमार रंगा ने बताया कि पुरुषोत्तम मास सनातन धर्म में अत्यंत पुण्यदायी माना गया है। इस मास में भगवान विष्णु और श्रीकृष्ण की उपासना, जप, तप, दान और धार्मिक अनुष्ठानों का विशेष महत्व है। इसी उद्देश्य से संस्थान द्वारा पंचामृत अभिषेक एवं विशेष पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म लाभ अर्जित किया।
उन्होंने बताया कि पुरुषोत्तम मास में किए गए धार्मिक कार्यों का कई गुना अधिक फल प्राप्त होता है तथा यह मास आत्मिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक उन्नति का संदेश देता है।
इस अवसर पर ज्योतिषाचार्य पंडित विमल किराडू, पंडित चंद्रप्रकाश किराडू, पंडित अजय रंगा, नरेंद्र शर्मा, बुलाकी सोनी, रमेश कुमार व्यास, विजय कुमार व्यास, रवि कल्ला, संदीप व्यास, करण किराडू और अक्षय रंगा सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

Comments