बीकानेर में 26 सितंबर को होगा भव्य श्याम अखाड़ा 2.0 का आयोजन


 रिद्धि-सिद्धि पैलेस में होगा भव्य वार्षिक कीर्तन, खाटू धाम के संत देंगे आशीर्वाद

बीकानेर, 15 सितंबर। बाबा श्री श्याम की भक्ति और आस्था से सराबोर भव्य  ‘श्री श्याम अखाड़ा 2.0’ का भव्य आयोजन 26 सितंबर को रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र स्थित रिद्धि-सिद्धि पैलेस में होगा। श्री श्याम मित्र मंडल, बीकानेर की ओर से आयोजित इस धार्मिक आयोजन में भजन-कीर्तन के साथ बाबा का भव्य श्रृंगार, केसर एवं इत्र वर्षा तथा छप्पन भोग का आयोजन किया जाएगा।

मंडल के अध्यक्ष नरेंद्र खत्री ने बताया कि इस वर्ष का आयोजन पिछले आयोजनों की तुलना में और अधिक भव्य एवं आध्यात्मिक स्वरूप में किया जा रहा है। खाटू धाम से मोहनदास जी महाराज एवं श्याम सिंह जी महाराज की पावन उपस्थिति आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगी। संतों के सान्निध्य में भजन-कीर्तन एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

खाटू धाम जैसा अनुभव देगा ‘श्याम बागीची अखाड़ा’

आयोजन को विशेष स्वरूप देने के लिए ‘श्याम बागीची अखाड़ा’ की दिव्य झलक प्रस्तुत की जाएगी। आयोजकों के अनुसार इसका उद्देश्य बीकानेर में ही श्रद्धालुओं को खाटू धाम जैसी आध्यात्मिक अनुभूति कराना है। अखाड़े में रात्रि जागरण, भजन-कीर्तन और सेवा के कार्यक्रम होंगे, जिसमें श्याम प्रेमी बड़ी संख्या में भाग लेंगे।

बाबा के दरबार में पहुंचाई जाएंगी श्रद्धालुओं की अर्जियां

आयोजन की एक खास पहल के रूप में ‘अर्जी बॉक्स’ स्थापित किया जाएगा। श्रद्धालु अपनी मनोकामना लिखकर इसमें अर्जी डाल सकेंगे। मंडल की ओर से इन अर्जियों को खाटू धाम स्थित बाबा श्री श्याम के निज मंदिर में विधिवत प्रस्तुत किया जाएगा। इससे वे भक्त भी बाबा के चरणों में अपनी अर्जी समर्पित कर सकेंगे, जो तत्काल खाटू धाम नहीं पहुंच पाते।

‘हारे के सहारे’ की भक्ति में जुटेंगे हजारों श्याम भक्त

बाबा श्री श्याम को महाभारत कालीन बर्बरीक का स्वरूप माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार बर्बरीक ने भगवान श्रीकृष्ण को अपना शीश दान किया था। भगवान श्रीकृष्ण ने उनकी भक्ति से प्रसन्न होकर उन्हें कलियुग में ‘श्याम’ नाम से पूजे जाने का वरदान दिया। इसी आस्था के कारण बाबा श्री श्याम को ‘हारे का सहारा’ कहा जाता है।

आयोजकों का कहना है कि श्याम अखाड़ा भक्तों के लिए केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामूहिक भक्ति, सेवा और श्रद्धा का अवसर है। अखाड़े में रुककर भजन-कीर्तन एवं सेवा में भाग लेना बाबा के दरबार में अपनी हाजिरी लगाने जैसा माना जाता है।

*हजारों धर्मावलम्बियों को जुटाने का लक्ष्य*

श्री श्याम मित्र मंडल ने बीकानेर सहित आसपास के क्षेत्रों के श्याम भक्तों से परिवार एवं मित्रों के साथ अधिक से अधिक संख्या में आयोजन में पहुंचने की अपील की है। मंडल का लक्ष्य हजारों की संख्या में श्याम भक्तों की सहभागिता सुनिश्चित करना है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अखाड़े में रुककर रात्रि जागरण, भजन-कीर्तन और सेवा में सहभागी बनने का आह्वान किया है।

आयोजन में ये रहेंगे प्रमुख आकर्षण

बाबा  श्याम का भव्य श्रृंगार,भजन एवं संकीर्तन

खाटू धाम के संतों का सान्निध्य,‘श्याम बागीची अखाड़ा’ की विशेष झलक

केसर एवं इत्र वर्षा,छप्पन भोग,रात्रि जागरण एवं सेवा

श्रद्धालुओं के लिए विशेष ‘अर्जी बॉक्स’

हजारों श्याम भक्तों की सहभागिता का लक्ष्य।

श्री श्याम मित्र मंडल के अध्यक्ष नरेंद्र खत्री ने सभी श्याम भक्तों से इस आध्यात्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बाबा श्री श्याम के चरणों में सामूहिक हाजिरी लगाने की अपील की है।

Comments