बीकानेर में कांग्रेस की बड़ी कार्रवाई: दीपक अरोड़ा और मोहित अरोड़ा 6 साल के लिए निलंबित



बीकानेर, 2 सितंबर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बीकानेर नगर निगम चुनाव से जुड़े एक मामले में बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव ललित तुनवाल की ओर से जारी कार्यालय आदेश के अनुसार श्री दीपक अरोड़ा, पूर्व पार्षद एवं श्री मोहित अरोड़ा को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से 6 वर्ष की अवधि के लिए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

जारी आदेश में बताया गया है कि जिला कांग्रेस कमेटी, बीकानेर शहर के जिलाध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल से प्राप्त शिकायत के अनुसार नगर निगम बीकानेर के वार्ड संख्या 50 से प्रत्याशी के कार्यालय उद्घाटन के दौरान दीपक अरोड़ा, मोहित अरोड़ा तथा अन्य लोगों द्वारा उनके साथ मारपीट एवं अभद्र व्यवहार किए जाने की घटना सामने आई थी।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इस मामले को गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में मानते हुए शिकायत पर कार्रवाई की है। आदेश के अनुसार दोनों नेताओं को तत्काल प्रभाव से कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्षों के लिए निलंबित किया गया है।

बीकानेर की राजनीति में कांग्रेस की इस बड़ी कार्रवाई के बाद सियासी हलचल तेज होने की संभावना है।


Comments