बीएसएनएल बीकानेर में हिंदी कार्यशाला का आयोजन





कार्यालयीन गतिविधियों में सरल हिंदी के प्रयोग से भाषा के साथ जुड़ाव मजबूत होगा : डॉ. मेघना शर्मा

बीकानेर, 29 सितंबर। भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल), बीकानेर व्यवसाय क्षेत्र की ओर से हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत मंगलवार को “हिंदी भाषा के ऐतिहासिक विकास चरण: वर्तमान परिप्रेक्ष्य में हिंदी के प्रयोग तक” विषय पर हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बीकानेर व्यवसाय क्षेत्र के महाप्रबंधक ओ.पी. खत्री ने की।

कार्यशाला में महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर की एसोसिएट प्रोफेसर एवं इतिहास विभागाध्यक्ष तथा सेंटर फॉर म्यूजियम एंड डॉक्यूमेंटेशन की निदेशक डॉ. मेघना शर्मा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर महाप्रबंधक ओ.पी. खत्री ने पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर उनका स्वागत किया।

डॉ. मेघना शर्मा ने हिंदी भाषा के ऐतिहासिक विकास, वर्तमान परिप्रेक्ष्य में इसकी उपयोगिता तथा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के सरल एवं प्रभावी प्रयोग पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि कार्यालयीन गतिविधियों में सरल हिंदी का प्रयोग भाषा के साथ जुड़ाव को मजबूत करेगा। उन्होंने हिंदी को दैनिक कार्य-संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर दिया।

प्रतियोगिताओं के विजेता हुए सम्मानित

मुख्य व्याख्यान के पश्चात डॉ. मेघना शर्मा ने बीएसएनएल द्वारा 14 सितंबर से प्रारंभ हिंदी पखवाड़े के तहत आयोजित हिंदी श्रुतिलेख, स्वरचित काव्य पाठ, निबंध लेखन एवं हिंदी ज्ञान संबंधी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।

सम्मानित होने वालों में भव्यांश चौहान, रूजल, किंजल गोस्वामी, गर्व गोठवाल, देवांश गोठवाल, मनोज चौहान, मोनिका मिनोचा, वीरेंद्र सिंह, विकास शर्मा, योगेश कुमार, श्रीनाथ पुरोहित एवं विकाश श्योरान सहित अन्य प्रतिभागी शामिल रहे।

इस अवसर पर महाप्रबंधक ओ.पी. खत्री ने डॉ. मेघना शर्मा को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उप महाप्रबंधक महेश व्यास सहित बीएसएनएल के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का संकल्प लिया।

कार्यशाला का संचालन सहायक महाप्रबंधक (संचालन) अजय चौधरी ने किया।


Comments