वैद्यनाथ महादेव मंदिर में 21 हजार दीपकों से सजा दीपोत्सव, जगमगाई छोटी काशी


बीकानेर। छोटी काशी बीकानेर के करमीसर रोड स्थित वैद्यनाथ महादेव मंदिर, मुड़धों का तालाब परिसर में कार्तिक शुक्ल पक्ष त्रयोदशी के अवसर पर भव्य दीपोत्सव महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्राचीन तालाब परिसर स्थित वास्तुशास्त्र के अनुरूप निर्मित अष्टकोणीय बावड़ी पर श्रद्धालुओं ने 21 हजार दीप प्रज्ज्वलित कर दीपमाला सजाई। दीपों की रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा और श्रद्धालुओं ने भक्तिमय वातावरण में दीपोत्सव का आनंद लिया।

रियासतकालीन इतिहास से जुड़ा मुड़धों का तालाब, जिसे विशेष तालाब एवं फूलनाथ बगीचे के नाम से भी जाना जाता है, बीकानेर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों में विशेष स्थान रखता है। लगभग चार शताब्दी पुराने इस ऐतिहासिक परिसर में प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी जनसहयोग से दीपोत्सव का आयोजन किया गया।

आयोजकों के अनुसार वर्ष 2013 से निरंतर आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम में श्रद्धालुओं एवं दर्शनार्थियों के सहयोग से 21 हजार दीपक प्रज्ज्वलित किए गए। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भागीदारी निभाई और दीपमाला में सहयोग किया।

इस अवसर पर प्रेमजी, कोचसाहब, चूराजी, पुजारी राकेशजी, भूरसा, रामकिशनजी, रामजी, सुशीलजी मत्तड़, किशनजी मिश्रा, जयगोपालजी पुरोहित, गिरधरजी रंगा, श्यामजी मुंधड़ा, रामनिवासजी, लालजी पुरोहित, गणेशजी पुरोहित, थानेदारजी सहित अनेक गणमान्यजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

दीपोत्सव ने बीकानेर की धार्मिक आस्था, ऐतिहासिक विरासत और सामूहिक सहभागिता की सुंदर झलक प्रस्तुत की।


Comments